अमृतसर , जून 19 -- सीमा पार से हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त अभियान में एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

कार्रवाई के दौरान एक एके-47 राइफल, 25 पिस्तौलें और 368 कारतूस बरामद किये गये हैं, जबकि एक आरोपी को भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक ऑस्ट्रेलिया स्थित सहयोगी के निर्देशों पर काम कर रहा था। आरोपी को कथित तौर पर सोशल मीडिया एप्लिकेशन के माध्यम से हथियारों की खेप गिराये जाने का स्थान भेजा गया था।

जांच एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी कर पंजाब और अन्य क्षेत्रों में आपराधिक तथा आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने की साजिश में शामिल था।

इस संबंध में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क के सभी संबंधों की जांच कर रही है, ताकि इसमें शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा सके और पूरे तस्करी एवं आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

श्री यादव ने कहा कि संगठित अपराध, सीमा पार तस्करी और आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा राज्य की सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित