वाशिंगटन , अक्टूबर 24 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने 2025 में भारत तथा पाकिस्तान के बीच युद्ध होने से रोकने में अहम भूमिका निभायी थी और दोनों परमाणु शक्ति संपन्न देशों के बीच सीमा पार संघर्ष को बड़े स्तर पर बढ़ने से रोकने के लिए इन देशों पर 250 प्रतिशत तक व्यापार शुल्क लगाने की धमकी दी थी।
श्री ट्रंप ने तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार फ्लोरिडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आठ युद्धों को सुलझाने के अपने दावे को दोहराया। उन्होंने कहा, "आपने भारत और पाकिस्तान को रोक दिया। दो परमाणु शक्ति संपन्न देश, आपने उन्हें रोक दिया। मैंने व्यापार के मामले में ऐसा किया। मैंने कहा, 'दोस्तों, अगर आप ऐसा करने जा रहे हैं, तो आप अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पायेंगे और खूब पैसा नहीं कमा सकेंगे। मैं आप दोनों पर 250 प्रतिशत का भारी शुल्क लगा दूंगा, जिससे आप कोई कारोबार नहीं कर पायेंगे।' वे बहुत परेशान और नाराज हुए और उन्होंने गोलीबारी रोक दी तथा युद्ध समाप्त हो गया।"श्री ट्रंप ने इस मौके पर कथित कूटनीतिक उपलब्धियों के लिए नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर भी एक बार फिर नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा, "क्या मुझे नोबेल पुरस्कार मिला? नहीं।"श्री ट्रंप पिछले साल हुए भीषण पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का दावा कई बार कर चुके हैं , हालांकि भारत ने लगातार किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से इनकार किया है।
भारत का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) की ओर से अपने भारतीय समकक्ष से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किए जाने के बाद हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित