नयी दिल्ली , जून 19 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1994 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के अधिकारी विवेक अग्रवाल को वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) का उपाध्यक्ष चुना गया है।

यह पहली बार है जब किसी भारतीय को इस पद पर नियुक्त किया गया है। यह धन शोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण के विरुद्ध लड़ाई में भारत की बढ़ती नेतृत्व भूमिका को वैश्विक मान्यता है।

वित्तीय कार्रवाई कार्यबल पेरिस स्थित एक अंतर-सरकारी संस्था है, जो धन-शोधन, आतंकवाद के वित्तपोषण और विनाशकारी हथियारों के प्रसार के वित्तपोषण को रोकने के लिए वैश्विक मानक निर्धारित करती है। इसका अध्यक्षीय कार्यकाल दो वर्ष का होता है और उपाध्यक्ष संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यों के संचालन में अध्यक्ष की सहायता करता है।

श्री अग्रवाल वर्तमान में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय में सचिव के पद पर हैं। वह जुलाई में वैश्विक संगठन में कार्यभार संभालेंगे।

एफएटीएफ के सदस्य देशों द्वारा संगठन के पूर्ण अधिवेशन में उनका चयन किया गया है। यह नियुक्ति धन शोधन निरोधक और आतंकवाद-रोधी वित्तपोषण के लिए वैश्विक मानक निर्धारित करने वाली संस्था के शीर्ष नेतृत्व में एक भारतीय अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित करती है।

अपनी नियुक्ति पर श्री अग्रवाल ने कहा, "यह नियुक्ति भारत के सामूहिक प्रयासों और हमारे धन शोधन निरोधक तथा आतंकवाद-रोधी वित्तपोषण ढांचे की मजबूती की मान्यता है। इस दायित्व को निभाना मेरे लिए सम्मान की बात है और मैं एफएटीएफ के वैश्विक नेटवर्क के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली को सुरक्षित, समावेशी और सुदृढ़ बनाने के लिए कार्य करने की अपेक्षा करता हूं।"राजस्व सचिव अरविंद श्रीवास्तव ने इसे भारत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए अंतरराष्ट्रीय वित्तीय प्रणाली की अखंडता को मजबूत करने के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित