अहमदाबाद , अक्टूबर, 30 -- भारत ने कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में दिन के प्रमुख मुकाबले में श्रीलंका पर 45-24 की शानदार जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने दमदार रेडिंग प्रदर्शन करते हुए 21 अंकों की जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप चरण में खेले गए अपने सभी 6 मुकाबले जीतकर अजेय रहते हुए अभियान का समापन किया।
गुरुवार रात खेले गये मुकाबले में पंकज मोहिते ने भारत के लिए सर्वाधिक 15 रेड अंक हासिल किए, जबकि आदित्य शिंदे ने 10 अंक का योगदान दिया। नितेश ने 5 टैकल अंक जोड़े, जबकि योगेश दहिया ने 4 अंक हासिल किए। भारत ने मुकाबले में 22 सफल रेड, 9 टैकल अंक और ऑल आउट से 6 अंक अर्जित किए, जिससे टीम ने श्रीलंका पर आरामदायक बढ़त बना ली। श्रीलंका की टीम कुल 24 अंक ही हासिल कर सकी।
एक अन्य महत्वपूर्ण मुकाबले में बंगलादेश ने स्कॉटलैंड को 70-20 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। एमडी अल-अमीन ने 24 अंकों के साथ आक्रमण का नेतृत्व किया, जबकि एमडी हसीबुल हुसैन ने 12 अंक और आकाश एमडी जुलफिकर ने 6 अंक का योगदान दिया। बंगलादेश ने मुकाबले में 44 रेड अंक, 12 टैकल अंक और ऑल आउट से 10 अंक हासिल किए। अरुण सिद्धू 9 अंकों के साथ स्कॉटलैंड के सबसे सफल स्कोरर रहे।
तंजानिया ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 36-27 से हराया। जुमा सुल्तानिया ने 11 अंकों के साथ तंजानिया का नेतृत्व किया, जबकि अली बकारी ने 9 अंक का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से फेलिक्स ली ने सर्वाधिक 12 अंक हासिल किए, लेकिन तंजानिया के मजबूत डिफेंस ने टीम को अपनी बढ़त बनाए रखने में मदद की और उसने 9 अंकों की जीत दर्ज की।
युगांडा ने भी शानदार जीत दर्ज करते हुए नाइजीरिया को 48-23 से हराया। मुटेबी साइमन ने 16 अंकों के साथ युगांडा का नेतृत्व किया, जबकि सेकामाट्टे रहीम ने 9 अंक और न्गाबिरानो इनोसेंट ने 7 अंक का योगदान दिया। युगांडा ने मुकाबले में 30 रेड अंक, 9 टैकल अंक और ऑल आउट से 8 अंक हासिल किए। नाइजीरिया की ओर से एकपे विक्ट्री इमैनुएल 7 अंकों के साथ सबसे सफल स्कोरर रहे।
करीबी मुकाबले में कनाडा ने सिंगापुर को 45-38 से हराया। मनप्रीत सिंह ने 16 अंकों के साथ कनाडा का नेतृत्व किया, जबकि अनमोल ठाकुर ने 11 अंक और आनंद ने 8 अंक का योगदान दिया। कनाडा ने मुकाबले में 27 रेड अंक और 16 टैकल अंक हासिल किए, जबकि 4 सुपर टैकल ने उसके डिफेंस को और मजबूती प्रदान की। सिंगापुर की ओर से ऐदिल अस्याराफ ने 10 अंक और आदित सेंथिलकुमार ने 9 अंक हासिल किए, लेकिन कनाडा ने अंत तक बढ़त बनाए रखते हुए 7 अंकों की जीत दर्ज की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित