नयी दिल्ली , अप्रैल 28 -- भारत ने अफ्रीकी देश माली में आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए वहां के लोगों तथा सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त की है।
भारत ने सभी तरह के आतंकवाद से निपटने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि वह क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रयासों का समर्थन करता है।
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा ," भारत माली में कई स्थानों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों की कड़ी निंदा करता है। हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं और इस कठिन समय में माली की सरकार और जनता के साथ अपनी एकजुटता प्रकट करते हैं। हम इस आतंकवादी हमले में माली के रक्षा और पूर्व सैनिक मामलों के मंत्री जनरल सादियो कामारा के निधन पर भी अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। भारत आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से मुकाबला करने की अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराता है और क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयासों का समर्थन करता है।"उल्लेखनीय है कि माली में रविवार को जिहादियों और विद्रोहियों ने कई शहरों और सैन्य ठिकानों पर हमला कर कब्जा कर लिया। लंबे समय से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े आतंकवादियों के साथ-साथ अलगाववादी विद्रोह का सामना कर रहे सैन्य शासन वाले इस देश में हिंसा की यह ताजा घटना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित