दुबई , सितंबर 05 -- प्रेमा रावत और श्रीचरणी (तीन-तीन विकेट) तथा दीप्ति शर्मा (दो विकेट/नाबाद 12) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने शनिवार को महिला एशिया कप ग्रुप ए मुकाबले में पाकिस्तान को 68 गेंदें शेष रहते सात विकेट से करारी शिकस्त दी। यह टी-20 में शेष गेंदों के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी जीत है। श्रीचरणी को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया।
पाकिस्तान के 55 रनों के जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करने का प्रयास किया। इसी प्रयास में उन्होंने चार ओवरों में 29 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गवां दिये। शेफाली वर्मा छह गेंदों में (12), स्मृति मंधाना (नौ) और प्रतिका रावल (चार) बनाकर आउट हुई। इन तीनों ही बल्लेबाजों को पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने आउट किया। इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में तीन विकेट पर 57 रन बनाकर पाकिस्तान पर सात विकेट से जबर्दस्त जीत दर्ज की। हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) और दीप्ति शर्मा ने (नाबाद 12) रनों की पारी खेली। हरमनप्रीत कौर ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।
भारत पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुका था और इस शानदार जीत ने ग्रुप में टॉप स्थान पक्का कर लिया। वहीं, पाकिस्तान को अपनी जगह पक्की करने के लिए अब अपने आखिरी मैच में हांगकांग, चीन को हराना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित