नयी दिल्ली , अप्रैल 15 -- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद वर्ष 2025 26 में भारत की कुल निर्यात आय का नयी ऊंचाई पर पहुंचना देश के लिए गर्व की बात है और यह वैश्विक व्यापार में भारत की बढ़ती ताकत को दर्शाता है।

मार्च के निर्यात और आयात के आज जारी आधिकारिक आंकड़ों पर अपनी टिप्पणी में श्री गोयल ने कहा,"भारत के लिए यह अत्यंत गर्व की बात है कि उसने वित्त वर्ष 2025-26 में 860 अरब डॉलर का रिकॉर्ड निर्यात हासिल किया है।"श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद हासिल की गई यह उपलब्धि देश के लचीलेपन और वैश्विक व्यापार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की बढ़ती ताकत को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपन्न हुए 9 व्यापार समझौते इस गति को और तेज कर रहे हैं, नए बाजार खोल रहे हैं और सभी क्षेत्रों में व्यापक अवसर प्रदान कर रहे हैं।

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि व्यापार करने में आसानी को बढ़ावा देने और व्यापार एवं निवेशक-अनुकूल वातावरण बनाने के लिए मोदी सरकार के निरंतर प्रयास इस विकास को गति प्रदान करते रहेंगे और विकसित भारत की ओर हमारे सफर को मजबूत बनाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित