नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- भले ही 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रोग्राम में टेबल टेनिस शामिल नहीं था, लेकिन आज नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप समाप्त हुई। भारत ने पुरुषों और महिलाओं दोनों के टीम खिताब जीते। पुरुषों की टीम ने मलेशिया को 3-2 से हराकर अपना खिताब बरकरार रखा, जबकि महिलाओं की टीम ने उसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 3-0 से जीत हासिल की।
यह चैंपियनशिप 27 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के साथ-साथ आयोजित की जा रही है। इस साल राष्ट्रमंडल खेलों की लिस्ट में टेबल टेनिस शामिल नहीं है।
भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त पुरुष टीम ने कड़े मुकाबले वाले फाइनल में आठवीं वरीय मलेशिया को 3-2 से हराकर अपना खिताब डिफेंड किया। मानव ठक्कर ने जावेन चुंग को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद मानुष शाह ने वोंग ची शेन को पांच गेम के रोमांचक मुकाबले में हराकर स्कोर 2-0 कर दिया।
मलेशिया ने टे होंग यू के मुकाबले से वापसी की, जिन्होंने सत्यन गणशेखरन को सीधे गेम में हराया। इसके बाद वोंग ची शेन ने एक और पांच गेम वाले मैच में ठक्कर को हराकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। खिताब दांव पर था। मानुष शाह ने शानदार खेल दिखाया और जावेन चोंग को 3-0 से हराया। इसी के साथ भारत के लिए खिताब पक्का किया। भारतीय पुरुष टीम में मानव ठक्कर, मानुष शाह, सत्यन गणशेखरन, हरमीत देसाई और पायस जैन शामिल थे।
भारत ने बिना कोई मैच हारे फाइनल में जगह बनाई थी। ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे और मलेशिया को 3-0 से हराने के बाद टीम ने श्रीलंका, वेल्स, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, सिंगापुर और इंग्लैंड को भी हराया और एक भी टाई नहीं हारी।
दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय महिला टीम ने फाइनल में अपना दबदबा कायम किया और छठी वरीयता प्राप्त मलेशिया को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
स्वस्तिका घोष ने ऐ ज़िन टी के खिलाफ 3-1 से जीत के साथ शुरुआत की, जिसके बाद श्रीजा अकुला ने करेन लिन एनाक डिक को पांच गेम में हराकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद यशस्वी घोरपड़े ने ली सियन ऐलिस चांग के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज कर मुकाबले को खत्म किया। भारत की महिला टीम में सिंड्रेला दास, श्रीजा अकुला, यशस्वी घोरपड़े, सुतीर्था मुखर्जी और स्वस्तिका घोष शामिल थीं।
पुरुषों की तरह, महिला टीम भी पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही। उन्होंने मालदीव, दक्षिण अफ्रीका, उत्तरी आयरलैंड, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 3-1 से हराया।
इंग्लैंड ने पुरुष और महिला, दोनों ही टीम इवेंट में कांस्य पदक जीते। पुरुषों का दूसरा ब्रॉन्ज मेडल सिंगापुर ने जीता। वहीं, ऑस्ट्रेलिया ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप की वापसी कटक में हुए 2019 संस्करण के बाद पहली बार हुई है। उस समय भारत इतिहास का तीसरा ऐसा देश बना था जिसने सभी सात स्वर्ण पदक जीते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित