नयी दिल्ली , मई 14 -- भारत ने फारस की खाड़ी में होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट बुधवार को ओमान के तट पर अपने एक व्यापारिक जहाज पर हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह की कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जा सकता और नौवहन तथा व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना सही नहीं है। इस जहाज पर मौजूद भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को इस पर सख्त प्रतिक्रिया करते हुए कहा ," ओमान के तट के पास कल एक भारतीय ध्वज वाले जहाज़ पर हुआ हमला अस्वीकार्य है और हम इस तथ्य की कड़ी निंदा करते हैं कि वाणिज्यिक जहाज़रानी और नागरिक नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। जहाज़ पर मौजूद सभी भारतीय चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें बचाने के लिए हम ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं।"उन्होंने कहा कि भारत दोहराता है कि वाणिज्यिक जहाज़ों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल के सदस्यों को खतरे में डालना, अथवा नौवहन और व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा उत्पन्न नहीं की जानी चाहिए।

अभी यह पता नहीं चला है कि भारतीय जहाज पर हमला किसने किया है लेकिन यह हमला ऐसे समय में किया गया है जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए यहां आये हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित