मोतिहारी , अगस्त 17 -- ारत- नेपाल की खुली सीमा पर सोमवार सुबह एक विदेशी नागरिक की संदिग्ध मौजूदगी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयीं। पूर्वी चंपारण जिले के भंगहा-बैजनाथपुर सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने एक सोमालियाई नागरिक को हिरासत में लिया है। उसके पास मूल पासपोर्ट नहीं मिला, जबकि मोबाइल फोन में दिखाई गयी पासपोर्ट की तस्वीर की प्रारंभिक जांच में उसकी वैधता समाप्त पायी गयी।
एसएसबी सूत्रों के अनुसार, सुबह करीब छह बजे बैजनाथपुर बस स्टैंड के समीप सीमा स्तंभ संख्या 353 के पास एक संदिग्ध विदेशी नागरिक के मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नाका कमांडर एचसी/जीडी सतीश कुमार यादव के नेतृत्व में जवानों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम काफी अली हसी और खुद को सोमालिया का नागरिक बताया। उसने अधिकारियों को बताया कि वह हैदराबाद स्थित निजाम कॉलेज, ओस्मानिया विश्वविद्यालय का छात्र है तथा पिछले करीब दो वर्षों से दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में रह रहा था।
पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने उससे पासपोर्ट मांगा, लेकिन उसके पास पासपोर्ट की मूल प्रति नहीं मिली। उसने मोबाइल फोन में पासपोर्ट की तस्वीर दिखायी, जिसकी प्रारंभिक जांच में वैधता समाप्त पायी गयी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी।
पूछताछ में विदेशी नागरिक ने बताया कि वह नेपाल के एक व्यक्ति के संपर्क में आया था और उसे नेपाल के रास्ते सोमालिया भेजे जाने की बात कही गयी थी। इस जानकारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारत में कब और किस माध्यम से आया, पिछले दो वर्षों के दौरान कहां-कहां रहा तथा नेपाल सीमा तक पहुंचने में उसकी मदद किसने की।
एजेंसियां उसके संपर्क में रहे लोगों और नेपाल के रास्ते सोमालिया भेजे जाने की कथित योजना की भी जांच कर रही हैं। मामले की सूचना सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गयी है। झरोखर थानाध्यक्ष मो. असलम ने बताया कि फिलहाल विदेशी नागरिक को थाना पुलिस के हवाले नहीं किया गया है। एसएसबी और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद सामने आये तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित