मोतिहारी , सितंबर 28 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में 61.890 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सिकरहना अनुमंडल के झरौखर थाना क्षेत्र में नेपाल से गांजे की खेप लाए जाने की सूचना पर सिकरहना अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभिषेक कुमार के नेतृत्व में झरौखर थाना, जितना थाना और एसएसबी जमुनिया की संयुक्त टीम ने कवैय्या पंचायत भवन के समीप खेतों में घेराबंदी की।इस दौरान संदिग्ध अवस्था में आ रहे चार लोगों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद बैगों से कुल 61.890 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
सूत्रों ने बताया कि पश्चिम चंपारण जिले के नौतन थाना क्षेत्र के तेलुआ निवासी जसकरण साह से 15.980 किलोग्राम, सुरेश ठाकुर से 15.760 किलोग्राम और बलिस्टर सहनी से 15.430 किलोग्राम तथा पूर्वी चंपारण जिले के छतौनी निवासी लखीन्द्र महतो से 15.980 किलोग्राम गांजा बरामद की गयी है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और आरोपियों के संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित