मधुबनी , अक्टूबर 14 -- बिहार में मधुबनी जिले के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 40.095 लीटर नेपाली एवं विदेशी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।एसएसबी सूत्रों ने बताया कि 48वीं वाहिनी एसएसबी, जयनगर की एफ समवाय, मुख्यालय कमला की विशेष गश्ती पार्टी इस्लामपुर गांव के निकट कमला पुल के पास अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 270/08 से करीब 900 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भारतीय क्षेत्र में आते दिखाई दिए।गश्ती दल को देखकर चालक ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान पीछे बैठा व्यक्ति सामान सहित नीचे गिर गया, जिसे जवानों ने पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया। चालक को पकड़ने के प्रयास में गश्ती दल के एक जवान को मामूली चोट भी आई।पकड़े गए व्यक्ति के पास मौजूद दो बैग और एक बोरी की तलाशी लेने पर विभिन्न प्रकार की नेपाली देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के कुआढ़ गांव निवासी सूरज कुमार साह के रूप में हुई है।प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि शराब नेपाल के मरार स्थित एक दुकान से खरीदी गई थी और इसे मधुबनी जिले के नरार ट्रेनिंग चौक निवासी अमित कुमार सिंह तक पहुंचाया जाना था।
सूत्रों ने बताया कि बरामद शराब और गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जयनगर थाना को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
48वीं वाहिनी एसएसबी, जयनगर के कमांडेंट ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब की तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित