, Oct. 7 -- बिहार नेपाल गांजा बरामदसुपौल, 07 अक्टूबर। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), वीरपुर और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने सीमा चौकी सिमरीघाट क्षेत्र में करीब 235 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट गौरव सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छह अक्टूबर को करीब 13:55 बजे सीमा स्तम्भ संख्या 226/16 के समीप भारतीय क्षेत्र में नदी के पार पलार क्षेत्र में कुछ संदिग्ध वस्तुओं को छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली। इसके बाद 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी सिमरीघाट के जवानों और भपटियाही थाना पुलिस की संयुक्त विशेष गश्ती टीम को तत्काल संबंधित क्षेत्र में भेजा गया।

इस कार्रवाई में क्षेत्र की निगरानी और तलाशी के लिए मानवरहित हवाई उपकरण का भी इस्तेमाल किया गया। संयुक्त टीम ने सघन तलाशी के दौरान नदी क्षेत्र में छिपाकर रखे गये गांजे के आठ पैकेट बरामद किये। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 235 किलोग्राम पाया गया। पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी और हवाई निगरानी के बावजूद मौके से कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।

नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद बरामद गांजे को भपटियाही थाना, सुपौल को सौंप दिया गया।

इस कार्रवाई में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक अमृतलाल सहित भपटियाही थाना पुलिस के जवान शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित