बहराइच , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने मोतीपुर थाना क्षेत्र से 12 ग्राम स्मैक के साथ एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल सुनार (18) , बांसगाढ़ी नगर पालिका, जिला बर्दिया (नेपाल) के रूप में हुई है। उसे 24/25 फरवरी की रात भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 665/01 के पास बलईगांव क्षेत्र से पकड़ा गया।
थानाध्यक्ष आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना मोतीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 61/26 पंजीकृत कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित