मधुबनी , अक्टूबर 18 -- बिहार के मधुबनी जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने 113.7 लीटर नेपाली शराब बरामद कर एक युवक को हिरासत में लिया है। एसएसबी की 48वीं वाहिनी, जयनगर के 'ए' समवाय हरिने की बाह्य सीमा चौकी खौना के विशेष गश्ती दल ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। सीमा स्तंभ संख्या 278/10 से करीब 200 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर कार्रवाई के दौरान अमरनाथ कुमार को हिरासत में लिया गया। वह मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र के महथौर गांव का निवासी है।
मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की गई है।
वाहिनी के अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित