मोतिहारी , अगस्त 31 -- भारत- नेपाल सीमा के रास्ते मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पूर्वी चंपारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रक्सौल थाना क्षेत्र से करीब सात किलोग्राम गांजा बरामद कर भारत और नेपाल के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति नेपाल से सिसवा गांव के रास्ते मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ की खेप लेकर लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट बाइपास होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-28ए से जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संभावित मार्ग पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान लक्ष्मीपुर चेकपोस्ट बाइपास के समीप संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गयी। तलाशी के क्रम में मोटरसाइकिल की सीट के अंदर बेहद शातिराना तरीके से छिपाकर रखा करीब सात किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से चंदेश्वर प्रसाद कुशवाहा (निवासी सुखलहिया, दरपा थाना, पूर्वी चंपारण) और मदन राउत (निवासी विश्रामपुर, पोखरिया थाना, परसा जिला, नेपाल) को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात हजार रुपये भारतीय मुद्रा, 900 नेपाली रुपये, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं। बरामद पदार्थ को प्रथमदृष्टया गांजा बताया गया है तथा उसकी वास्तविक प्रकृति की जांच की जा रही है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क में इनके संपर्कों और पूर्व में की गयी संभावित तस्करी की खेपों के संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित