मोतिहारी , जून 16 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले की भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी विरोधी अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी और झरोखर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 76.6 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एसएसबी की 71वीं वाहिनी के खुफिया तंत्र को नेपाल से भारत में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एएसआई हरिंदर यादव के नेतृत्व में एसएसबी के चार जवानों तथा झरोखर थाना के एक अवर निरीक्षक और दो पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 358/4 के समीप बरोखर गांव में विशेष नाका लगाया गया।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 3:45 बजे नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों को पीठ पर बोरे लादे सीमा पार करते देखा। जवानों के रुकने का संकेत देने पर तस्कर भागने लगे।

पुलिस ने उनका पीछा किया कर इस दौरान एक तस्कर को पकड़ा गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।

इस संयुक्त सघन तलाशी अभियान में पांच जूट के बोरे बरामद किए गए। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। वजन करने पर कुल 76.6 किलोग्राम गांजा पाया गया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान डुमरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी बच्चा महतो (43) के रूप में की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल के बारा जिले के बसवरिया क्षेत्र से गांजा लाकर भारत के बिजबनी क्षेत्र में पहुंचाने का काम करता रहा था और वह इस तस्करी नेटवर्क में कूरियर की भूमिका निभा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित