सुपौल , अक्टूबर 20 -- बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने नाका जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

इस मामले में मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पकड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार बीती रात सीमा चौकी कुनौली के कार्यक्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 223 के समीप नाका ड्यूटी के दौरान मोटरसाइकिल संख्या BR-32-BA-2398 को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम माधव कुमार और दीपक कुमार कामैत बताया।

तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर दोनों व्यक्तियों सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कुनौली थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित