सुपौल , नवंबर 08 -- बिहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 9.7 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
इस कार्रवाई के दौरान तस्कर जवानों को देखकर गांजे से भरी बोरी छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया।
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बीरपुर की ओर से जारी सूचना के अनुसार रविवार सुबह करीब 7:40 बजे सीमा चौकी बेनाली पट्टी की ऑपरेशन पार्टी ग्राम बेनाली पट्टी के निकट सीमा स्तंभ संख्या 201 के पास निगरानी कर रही थी। इसी दौरान जवानों ने एक व्यक्ति को बोरी में सामान लेकर नेपाल से भारत की ओर तेजी से आते देखा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे पकड़ने के लिए पीछा किया।
एसएसबी जवानों को अपनी ओर आता देख वह बोरी फेंककर वापस नेपाल की ओर भाग गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित