नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- भारतीय नौसेना का स्वदेशी स्टील्थ फ्रिगेट आई एन एस सह्याद्रि दक्षिण कोरिया के बुसान नौसैनिक बंदरगाह पहुंच गया है।
रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि यह युद्ध पोत भारत और दक्षिण कोरिया की नौसेनाओं के द्विपक्षीय अभ्यास में हिस्सा लेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग बढ़ाना और दोनों नौसेनाओं के बीच तालमेल मजबूत करना है।
बंदरगाह पर दोनों देशों के नौसैनिक कर्मी पेशेवर बातचीत, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, संयुक्त प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद आई एन एस सह्याद्रि और दक्षिण कोरियाई नौसेना के जहाज समुद्र में संयुक्त गतिविधियां करेंगे।
इससे दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन तालमेल और आपसी सहयोग को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित