रायपुर , अक्टूबर 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार से भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला शुरू होगी। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित इस श्रृंखला के सभी मुकाबले शाम सात बजे से खेले जाएंगे। महिला दर्शकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टेडियम में उनके लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
श्रृंखला का पहला मुकाबला शुक्रवार को होगा, जबकि दूसरा मैच 18 अक्टूबर और तीसरा एवं अंतिम मुकाबला 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। भारतीय टीम घरेलू परिस्थितियों का लाभ उठाते हुए जीत के साथ अभियान शुरू करने की कोशिश करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम भी भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। दोनों टीमें रायपुर पहुंच चुकी हैं और गुरुवार से अभ्यास कर रही हैं।
इस श्रृंखला में भारतीय महिला टीम की कप्तानी स्मृति मंधाना करेंगी। वह पूर्णकालिक कप्तान के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी की शुरुआत करेंगी। शेफाली वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है। भारतीय टीम में पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के अलावा ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, मिन्नू मणि और क्रांति गौड़ सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। श्रृंखला के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम निर्धारित की गई है।
इधर, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और दर्शकों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी। संबंधित विभागों को मैचों के दौरान आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर ई-टिकट की जांच में नेटवर्क संबंधी परेशानी से बचने के लिए खुले वाई-फाई की व्यवस्था की गई है। टिकट खरीदने वाले दर्शकों को पार्किंग पास भी उपलब्ध कराया गया है। इसके अतिरिक्त स्टेडियम परिसर और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
दर्शकों की सुविधा के लिए पेयजल और खानपान के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति और विशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित