पिथौरागढ़ , सितंबर 21 -- भारत और चीन के मध्य संचालित सीमा व्यापार के अंतर्गत सोमवार को भारतीय व्यापारियों का तीसरा दल तकलाकोट पहुंचा। इसमें कुल 10 लोग शामिल हैं।

धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी के अनुसार भारतीय व्यापारियों का तीसरा दल आज चीन के लिए रवाना हुआ। इस दल में 06 व्यापारी और 04 हेल्पर शामिल हैं। व्यापारी कुल 23.63 लाख रुपए मूल्य का सामान साथ ले गए हैं।

उन्होंने कहा कि आज 09 व्यापारी चीन से भारत वापस लौटे हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले कुछ समय में अन्य दलों को भी चीन भेजा जाएगा। पिथौरागढ़ जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में चीनी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

यहां बता दें कि भारत और चीन के बीच जून पहले सप्ताह से सीमा व्यापार संचालित हो रहा है। अभी तक भारतीय व्यापारियों के दो दल तकलाकोट गये हैं। यह व्यापार सितंबर अंत तक चलेगा। दोनों देशों की सहमति से सीमा व्यापार की समय अवधि बढ़ाई जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित