समस्तीपुर , अप्रैल 08 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत)सैयद अता हसनैन ने बुधवार को कहा है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य मे शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राज्यपाल श्री हसनैन ने आज समस्तीपुर जिले के पटोरी स्थित आचार्य नरेंद्र देव महाविद्यालय सभागार में "विकसित भारत 2047 और नई शिक्षा नीति" विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और देश के विकास मे शिक्षा का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने अपने उद्बोधन में शिक्षकों से आह्वान किया कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने मे अपनी अग्रणी भूमिका निभायें। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास, नवाचार एवं अनुसंधान आधारित शिक्षा से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि शिक्षा एवं कृषि दोनों क्षेत्रों में समन्वय स्थापित कर ही देश का समग्र विकास किया जा सकता है। श्री ठाकुर ने छात्रों को देश मे विकसित हो रहे नई तकनीकों और शोध आधारित अध्ययन की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित