मुरादाबाद , जून 16 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा है कि भारत को आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए स्वदेशी उत्पादों और देश में निर्मित वस्तुओं को अधिक से अधिक बढ़ावा देना आवश्यक है, क्योंकि स्थानीय उत्पादों के उपयोग से न केवल लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
श्री चौधरी पंचायत भवन परिसर में आयोजित पांच दिवसीय जन कल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, नेडा, आईसीडीएस, महिला कल्याण, एमएसएमई, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्यान, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्री अन्न और समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं महत्वपूर्ण निर्णयों पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आमजन को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों की समृद्धि के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूर्ण नहीं किया जा सकता। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने तथा मृदा, किसान एवं धरती के संरक्षण को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और आधुनिक कृषि तकनीकों के माध्यम से कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाए जा रहे हैं।
उन्होंने बदलती जीवनशैली एवं खान-पान की आदतों के कारण बढ़ती स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए स्वदेशी एवं प्राकृतिक उत्पादों को अपनाने की आवश्यकता जताई और पेट्रोल-डीजल जैसे सीमित प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के सीमित उपयोग तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने का आग्रह करते हुए बताया कि देशभर में "खेत बचाओ अभियान" संचालित किया जा रहा है। उन्होंने सचेत किया कि यदि खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होगी तो मानव स्वास्थ्य पर भी उसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए किसानों को नियमित रूप से मिट्टी की जांच करानी चाहिए तथा भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए जैविक एवं प्राकृतिक खेती को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि आज विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा कृषि भूमि की उर्वरता बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री ने पंचायत भवन सभागार में आयोजित जनसभा के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक कुंदरकी ठाकुर रामवीर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित