गांधीनगर , जनवरी 12 -- जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज़ ने सोमवार को कहा कि भारत के साथ साझेदारी जर्मनी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ का सबसे बड़ा देश जर्मनी और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र भारत साझा बुनियादी मूल्यों से एक-दूसरे से जुड़े हैं।
दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर आए चांसलर मर्ज़ ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अत्यंत गतिशील भारत और उच्च प्रौद्योगिकी वाला जर्मनी कई महत्वपूर्ण रणनीतिक हित साझा करते हैं और इन्हीं आधारों पर दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध विकसित हो रहे हैं।
वार्ता के बाद चांसलर मर्ज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा कि साझा मूल्यों और रणनीतिक हितों के चलते भारत-जर्मनी संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और भविष्य में यह साझेदारी और मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित