मथुरा , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि भारत के सनातन राजा केवल प्रभु श्री राम हैं और उनके अलावा कोई दूसरा नहीं हो सकता।
वृंदावन में संत मलूकदास महाराज की 452वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत समाज को संबोधित करते हुए न केवल भक्ति मार्ग की महिमा बताई, बल्कि विरासत और विकास के मुद्दे पर विरोधियों को भी आड़े हाथों लिया।
मंच से जनचेतना जागृत करते हुए मुख्यमंत्री ने गोस्वामी तुलसीदास का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, "लोग कहते हैं कि तुलसीदास जी एक गरीब ब्राह्मण थे, लेकिन सत्य तो यह है कि वे स्वाभिमान के प्रतीक थे। उन्होंने मुगल काल के सबसे शक्तिशाली बादशाह के प्रस्ताव को यह कहकर ठुकरा दिया था कि वह किसी सांसारिक बादशाह को नहीं जानते। उनके लिए ब्रह्मांड के इकलौते राजा केवल राम हैं।" योगी ने आगे कहा कि मध्यकाल में जब विदेशी आक्रांताओं के कारण सनातन धर्म पर अंधकार छाया था, तब भक्ति की इसी धारा ने राष्ट्र को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में संभल के हरिहर मंदिर और अयोध्या के संघर्ष का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि संभल में 1526 में बाबर के अनुयायियों ने संभल में हरिहर मंदिर को नष्ट किया था, जहाँ 67 तीर्थ और 19 कुएं थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित