निशिन , अक्टूबर 02 -- भारत शनिवार को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट फाइनल में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को कड़ी टक्कर देगा। गोल्ड मेडल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे शुरू होगा।

अफगानिस्तान के साथ क्वार्टर-फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद भारत के T20 कप्तान श्रेयस अय्यर की टीम ने गुरुवार को सेमी-फाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से हराया और फाइनल में अपनी जगह बनाई।

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने मुश्किल पिच पर 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। ईशान किशन ने नाबाद 80 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि युवा वैभव सूर्यवंशी ने 38 रन बनाए।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को सिर्फ 45 रनों पर ऑलआउट कर दिया, जो इस द्वीपीय देश का अब तक का सबसे कम टी20 स्कोर है। जसप्रीत बुमराह ने शुरुआती ओवर में ही दो विकेट लेकर जीत पक्की की और अक्षर पटेल, अभिषेक शर्मा और वॉशिंगटन सुंदर ने भी विकेट लिए।

पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बंगलादेश को छह विकेट से हराया और फाइनल में भारत के साथ जगह बनाई। हांगकांग चीन के खिलाफ उनका एशियन गेम्स 2026 का क्रिकेट क्वार्टर-फाइनल मैच भी बारिश की वजह से नहीं हो पाया था।

बारिश के कारण 13 ओवर के किए गए इस मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 111/7 पर रोक दिया। इस दौरान सुफयान मोकीम ने तीन विकेट लिए। इसके बाद अब्दुल समद ने 15 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर टीम को छह विकेट और नौ गेंदें बाकी रहते हुए लक्ष्य हासिल करने में मदद की।

भारत मौजूदा एशियन गेम्स क्रिकेट चैंपियन के तौर पर फाइनल में उतर रहा है। टीम ने हांगझोऊ 2023 में पुरुषों का गोल्ड मेडल जीता था। वहीं, पाकिस्तान पुरुषों के एशियन गेम्स क्रिकेट में अपना पहला गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश कर रहा है। हालांकि भारत की महिला टीम पहले ही स्वर्ण पदक जीत चुकी है।

अगर बारिश की वजह से 2026 एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच रद्द होता है, तो क्या होगाहांगझोऊ 2023 में अफगानिस्तान के साथ फाइनल मैच बारिश की वजह से रद्द होने के बाद, बेहतर रैंकिंग वाली टीम होने की वजह से भारत ने स्वर्ण पदक जीता था।

लेकिन आइची-नागोया 2026 में नियम अलग हैं। अगर गोल्ड मेडल मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो विजेता तय करने के लिए सुपर ओवर खेला जाएगा। अगर सुपर ओवर भी पूरा नहीं हो पाता है, तो दोनों टीमें स्वर्ण पदक साझा करेंगी। खिताबी मुकाबले के लिए मौसम अच्छा रहने की उम्मीद है। शनिवार को बारिश की संभावना न के बराबर 1 प्रतिशत है और तापमान 16 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित