अहमदाबाद , अक्टूबर 25 -- रविवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में, भारत की पुरुष और महिला टीमों ने कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में शानदार जीत के साथ अपना विजयी अभियान जारी रखा।

पुरुष कबड्डी टीम ने मलेशिया को 37-23 से हराया, जबकि महिला टीम ने युगांडा को 41-18 से मात दी।

पुरुषों के कबड्डी मैच में, भारत के नीरज नरवाल सबसे बेहतरीन खिलाड़ी रहे। उन्होंने कुल 13 पॉइंट हासिल किए, जिसमें चार बोनस पॉइंट भी शामिल थे। भरत हुड्डा ने छह रेड पॉइंट, आदित्य शिंदे ने पांच रेड पॉइंट और प्रो कबड्डी लीग के एमवीपी नवीन कुमार ने तीन रेड पॉइंट अपनी टीम के खाते में जोड़े।

हाफ-टाइम तक भारत ने 27-11 की मजबूत बढ़त बना ली थी। हालांकि दूसरे हाफ में मलेशिया ने भारत के 10 पॉइंट के मुकाबले 12 पॉइंट हासिल किए, लेकिन यह अंतर इतना बड़ा था कि मलेशिया उसे पाट नहीं सका। पूरे मैच के दौरान भारत ने 27 रेड पॉइंट, चार टैकल पॉइंट और चार 'ऑल आउट' पॉइंट हासिल किए। भारत ने अपने दोनों 'ऑल आउट' मैच के पहले हाफ में ही कर दिए थे। डिफेंस में दीपक शंकर ने दो टैकल पॉइंट लिए, जबकि प्रवेश भैंसवाल और शुभम शिंदे ने एक-एक टैकल पॉइंट का योगदान दिया।

मलेशिया की ओर से आइजैक एल्टन और लियोन्ग सुरेश किम सेंग सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने छह-छह रेड पॉइंट हासिल किए। लियोन्ग ने एक टैकल पॉइंट भी अपने नाम किया। मलेशिया ने कुल 18 रेड पॉइंट और चार टैकल पॉइंट बनाए।

इससे पहले, महिला मुकाबले में कप्तान निधि शर्मा ने नौ पॉइंट के साथ टीम की कमान संभाली, जबकि साक्षी और अनु सेन ने क्रमशः आठ और सात पॉइंट का योगदान दिया। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने इस मुकाबले में 25 रेड पॉइंट, 11 टैकल पॉइंट और चार 'ऑल आउट' पॉइंट हासिल किए। डिफेंस में रितु मिठारवाल ने छह टैकल पॉइंट लिए, जबकि ज्योति ने चार टैकल पॉइंट का योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित