नयी दिल्ली , मई 12 -- ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की दो दिनों की बैठक गुरुवार को यहां शुरू होगी और इसकी अध्यक्षता विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर करेंगे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों के विदेश मंत्री तथा प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख भाग लेंगे।
उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बैठक के पहले दिन ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हितों से जुड़े वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। दूसरे दिन, ब्रिक्स सदस्य और साझेदार देश " ब्रिक्स 20: लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सततता " विषय पर आयोजित सत्र में भाग लेंगे। इसके बाद "वैश्विक शासन और बहुपक्षीय व्यवस्था में सुधार" विषय पर एक सत्र आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की पिछली बैठक पिछले वर्ष 26 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र से इतर आयोजित की गई थी। इस बैठक की अध्यक्षता भारत ने आगामी ब्रिक्स अध्यक्ष के रूप में की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित