नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- भारत की अंडर17 पुरुष टीम एक और चार नवंबर को एएफसी अंडर 17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर की तैयारियों के तहत, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ रास अल खैमाह में दो अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेलेगी।
पहला फ्रेंडली मैच एक नवंबर को रास अल खैमाह के एमिरेट्स फुटबॉल क्लब स्टेडियम में खेला जाएगा, जो भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे शुरू होगा। दूसरा मैच भी रास अल खैमाह के ही सऊद बिन सक्र अल कासिमी स्टेडियम में, भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे होगा।
मेहराजुद्दीन वाडू की कोचिंग वाली भारतीय टीम ने इस महीने की शुरुआत में थानलिन में म्यांमार के खिलाफ दो फ्रेंडली मैच खेले थे। पहला मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था, जबकि दूसरे मैच में भारत ने 4-0 से जीत दर्ज की थी।
इसके बाद टीम ने मरगांव में अपना तैयारी कैंप जारी रखा और अब 30 अक्टूबर को यूएई पहुंचेगी। यूएई के खिलाफ दूसरे फ्रेंडली मैच के बाद, टीम पांच नवंबर को सीधे कुआलालंपुर, मलेशिया के लिए रवाना होगी। वहां एएफसी अंडर17 एशियन कप उज्बेकिस्तान 2027 क्वालीफायर खेले जाएंगे, जो 11 से 20 नवंबर तक चलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित