लुधियाना , अगस्त 25 -- पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कनाडा में रह रहे प्रमुख भारतीय मूल के लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कनाडा के ब्रैम्पटन में सांसद अमनदीप कौर सोढ़ी से मुलाकात कर भारत-कनाडा संबंधों, व्यापार और आव्रजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पंजाब कांग्रेस के पूर्व महासचिव पवन दीवान और शहीद भगत सिंह नगर जिला योजना बोर्ड के पूर्व चेयरमैन सतवीर सिंह पल्लीझिक्की ने किया। प्रतिनिधिमंडल में कनाडा की लिबरल पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरदम मंगत, अमरप्रीत औलख, यदविंदर सोढ़ी और अजीत सोढ़ी भी शामिल थे।

बैठक के बाद पवन दीवान और सतवीर सिंह ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में बताया कि सांसद अमनदीप कौर सोढ़ी के साथ भारत-कनाडा संबंधों को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने तथा प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफ टी ए) को लेकर चल रही बातचीत पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि सांसद सोढ़ी ने प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी कि कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू, भारत सरकार के संबंधित प्रतिनिधियों के साथ मुक्त व्यापार समझौते के नियमों और शर्तों को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहे हैं। यह प्रक्रिया कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है।

बैठक में कनाडा की आव्रजन नीति और भारतीय छात्रों के सामने आ रही चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय कनाडा में रहते हैं, इसलिए उनके परिवारों से जुड़े वीजा संबंधी मामलों और भारत में संपत्ति से संबंधित समस्याओं सहित कई मुद्दों पर भी सांसद के साथ बातचीत की गयी।

पवन दीवान और सतवीर सिंह ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों देशों में रह रहे भारतीय समुदाय से जुड़े व्यावहारिक मुद्दों का समाधान भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे संवाद दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग को और मजबूत करने में मदद करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित