नयी दिल्ली , अप्रैल 09 -- भारत और विदेशों में मेट्रो रेल परियोजनाओं पर मिलकर काम करने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) और भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) ने समझौता ज्ञापन (एमओयू ) पर हस्ताक्षर किये हैं।
डीएमआरसी ने गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य बीईएमएल की रोलिंग स्टॉक बनाने की क्षमता और डीएमआरसी की मेट्रो प्रणाली को लागू करने और चलाने की विशेषज्ञता को मिलाकर परियोजना की पहचान करना, उनके लिए बोली लगाना और उन्हें पूरा करना है।
इस एमओयू पर आठ अप्रैल को यहां मेट्रो भवन में डीएमआरसी के निदेशक (बिजनेस डेवलपमेंट) डॉ. पी.के. गर्ग और बीईएमएल के निदेशक (रेल एवं मेट्रो) राजीव कुमार गुप्ता ने हस्ताक्षर किये। इस मौके पर डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार, बीईएमएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शांतनु रॉय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
इस अवसर पर डॉ. कुमार ने इस समझौते को दो प्रमुख भारतीय संस्थाओं के बीच एक ऐतिहासिक सहयोग बताया। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी भारत और विदेशों में शहरी परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने 'आत्मनिर्भर भारत' पहल के तहत स्वदेशी प्रणोदन प्रणाली और सुरंग खोदने वाली मशीन (टीबीएम) विकसित करने के महत्व का भी उल्लेख किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित