नयी दिल्ली , जुलाई 10 -- पश्चिम एशिया में ताजा घटना क्रम के बीच विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ओमान सल्तनत की आधिकारिक यात्रा की और अपने समकक्ष के साथ क्षेत्रीय तथा द्विपक्षीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री ने ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र अलबुसैदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों मंत्रियों ने भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा की तथा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर, जो दोनों देशों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं, विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश मंत्री ने हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों के दौरान भारतीय नाविकों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए ओमान सल्तनत की सरकार के प्रति भारत की ओर से आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्री ने ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की और भारत-ओमान के बहुआयामी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने में उनके निरंतर योगदान की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित