नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- भारत और मंगोलिया ने रक्षा सहयोग की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ-साथ आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की है।

रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक मंगोलिया की राजधानी उलनबटार में हुई जिसमें रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

बैठक में दोनों पक्षों ने भारत और मंगोलिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'नोमैडिक एलीफेंट' के सफल आयोजन की सराहना की। मंगोलिया ने अपने सशस्त्र बलों के जवानों के प्रशिक्षण और क्षमता बढ़ाने में भारत के लगातार सहयोग की भी प्रशंसा की।

बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी और मंगोलिया के रक्षा उप मंत्री ब्रिगेडियर जनरल गानसुख ई. ने की।

डॉ. त्रिपाठी ने मंगोलिया के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख मेजर जनरल उसुखबयार जे. से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने रक्षा बलों के बीच सहयोग की प्रगति की सराहना की और रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगोलिया के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भी दौरा किया। इस दौरान भारत की मदद से स्थापित साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र के कामकाज की समीक्षा की गई। मंगोलिया ने भाषा प्रशिक्षण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भारत के सहयोग की सराहना की।

दोनों देशों ने कहा कि उनके पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध मौजूदा साझेदारी को मजबूत आधार देते हैं। यात्रा के दौरान साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत की दोनों देशों को करीब लाने में भूमिका को भी रेखांकित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित