नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और ब्रिटेन के रक्षा विभाग के स्थायी अवर सचिव जेरेमी पॉकलिंगटन ने शुक्रवार को यहां रक्षा औद्योगिक क्षेत्र में सहयोग की समीक्षा की, जिसमें भारत-ब्रिटेन विजन 2035 और 10 वर्षीय रक्षा औद्योगिक रोडमैप के तहत अनुसंधान एवं विकास पर जोर दिया गया।

रक्षा मंत्रालय में बताया कि भारत-ब्रिटेन रक्षा परामर्श समूह की 25वीं बैठक में दोनों पक्षों ने संयुक्त अभ्यास, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के जरिए सैन्य आदान-प्रदान बढ़ाने पर सहमति जतायी। उन्होंने हिंद-प्रशांत में समुद्री सुरक्षा सहयोग की भी समीक्षा की, जिसमें हिंद-प्रशांत महासागर पहल के तहत क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना शामिल है।

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर विचारों का आदान-प्रदान किया तथा आपसी सुरक्षा, रणनीतिक स्वायत्तता और भारत-ब्रिटेन रणनीतिक साझेदारी को आधार देने वाले साझा मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।

श्री पॉकलिंगटन ने बैठक से पहले राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के साथ वार्ता की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित