नयी दिल्ली , नवंबर 10 -- तेलंगाना सरकार 13 नवंबर से हैदराबाद में दो दिवसीय वैश्विक सम्मेलन आयोजित कर रही है, जिसमें भारत और दुनिया के भविष्य को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की परिकल्पना, बदलती वैश्विक व्यवस्था से उत्पन्न चुनौतियों तथा वैश्विक सहयोग के लिए नये मंच विकसित करने के अवसरों पर गहन विचार-विमर्श होगा।

पार्टी का कहना है कि इस सम्मेलन का मकसद दुनियाभर के राजनेताओं तथा प्रगतिशील आंदोलनों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना है और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक नया ढांचा तलाशना है। सम्मेलन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई प्रमुख नेताओं को शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।

कांग्रेस के विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह सम्मेलन 13 और 14 नवंबर को तेलंगाना सरकार आयोजित कर रही है जिसमें दुनिया के 70 देशों के राजनेताओं, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, कारोबारी प्रतिनिधि और नागरिक समाज के सदस्य जुटेंगे। यह आयोजन दो महत्वपूर्ण अवसरों के साथ हो रहा है। इसमें पहला पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती है और दूसरा देश की आजादी के 80वें वर्ष का अवसर है। उनका कहना था कि नेहरू की विदेश नीति संबंधी सोच आज भी कांग्रेस के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन में लोकतंत्र, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, जलवायु परिवर्तन, लैंगिक समानता, विदेश नीति और बदलती वैश्विक व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्लाउड कैपिटलिज्म, जलवायु परिवर्तन, लैंगिक न्याय, लोकतांत्रिक संस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़ी उभरती चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

श्री खुर्शीद ने कहा कि भारत समिट विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को विचारों के आदान-प्रदान, साझेदारी विकसित करने और वैश्विक चुनौतियों के सामूहिक समाधान तलाशने का अवसर देगा। उनका कहना था कि सम्मेलन में वैश्विक उत्तर और वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच सहयोग मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में 12 अंतरराष्ट्रीय सत्र आयोजित किए जाएंगे।

कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य गुरदीप सप्पल ने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी की सोच में पिछले वर्ष जर्मनी दौरे के दौरान दुनिया के विभिन्न प्रगतिशील राजनीतिक दलों के लोगों को एक साथ लाकर एक अंतरराष्ट्रीय थिंक टैंक बनाने का विचार सामने आया था। इसका उद्देश्य बदलती वैश्विक व्यवस्था से पैदा हो रही चुनौतियों को समझना और उनका जवाब तलाशना है। उन्होंने कहा कि भारत समिट इस विचार को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में भारत सहित दुनिया के कई देशों में नफरत और विभाजनकारी राजनीति बढ़ी है। उनका कहना था कि बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियां डिजिटल तकनीक और डेटा के जरिए दुनिया की राजनीति को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों को इन चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान तलाशने के लिए बौद्धिक विमर्श करना जरूरी है। कांग्रेस ने दुनिया भर के प्रगतिशील और उदारवादी राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाने की पहल की है।

तेलंगाना के मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने बताया कि 'तेलंगाना राइजिंग' के तहत विशेष सत्रों में शहरीकरण, आर्थिक एवं सामाजिक न्याय, कल्याणकारी योजनाओं, सहकारी संघवाद, संस्कृति, युवाओं और खेल सहित राज्य की विकास पहलों पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि सात से नौ दिसंबर तक 'इन्वेस्ट तेलंगाना ग्लोबल समिट 2026' भी आयोजित होगा जिसमें भारत समिट के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस दौरान तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित