नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- भारत और अमेरिका की सैनिक टुकड़ियों के बीच बुधवार से हिमाचल प्रदेश के बकलोह स्थित स्पेशल फोर्स ट्रेनिंग स्कूल में शुरू होने वाले अभ्यास 'वज्र प्रहार' में हिस्सा लेने के लिए अमेरिकी दल भारत पहुंच गया है। तीन सप्ताह तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय सेना की ओर से स्पेशल फोर्स इकाई के 45 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं जबकि अमेरिका की ओर से वहां की स्पेशल फोर्स ग्रीन बेरेट्स के 12 सैनिक शामिल होंगे। यह इस अभ्यास का 16 वां संस्करण है जो 16 मार्च को संपन्न होगा।
अभ्यास 'वज्र प्रहार' का उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ावा देना है, जिसमें परस्पर कार्यसंचालन क्षमता , संयुक्तता और विशेष अभियानों की रणनीतियों के पारस्परिक आदान-प्रदान को सुदृढ़ किया जाएगा। यह अभ्यास पर्वतीय क्षेत्र में संयुक्त विशेष बल अभियानों के संचालन में साझा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है।
प्रशिक्षण के दौरान उच्च स्तर की शारीरिक क्षमता, संयुक्त मिशन योजना और संयुक्त सामरिक अभ्यासों के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सैनिक संयुक्त मिशन योजना तथा विशेष अभियानों की रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं से संबंधित श्रेष्ठ अभ्यासों और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित