क्रिकेट लीड भारत एदांबुला , जून 17 -- तिलक वर्मा (59), प्रियांश आर्य (58) और कुमार कुशाग्र (58) की जुझारू पारियों तथा निशांत सिंधू (31 रन पर चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर भारत ए ने बुधवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के पांचवें मुकाबले में अफगानिस्तान ए को 101 रन के बड़े अंतर से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया।
भारत ए ने नौ विकेट 319 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाने के बाद अफगानिस्तान को 365 ओवर में 218 रन पर समेट दिया। भारत ने 101 रन की इस बड़ी जीत और बेहतर नेट रन रेट की वजह से फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। भारतीय गेंदबाज़ों ने अफ़गानिस्तान को अच्छी शुरुआत नहीं करने दी और शुरुआती विकेट लेकर उन्हें दबाव में डाल दिया।
फ़ैसल शिनोजादा और बाहिर शाह ने ही असल में वापसी की कोशिश की और चौथे विकेट के लिए 87 रन की मज़बूत साझेदारी की। बाहिर ने अर्धशतक (57) लगाया, जबकि फ़ैसल (46) दुर्भाग्य से अपने अर्धशतक से सिर्फ़ चार रन दूर आउट हो गए। उस साझेदारी के टूटने के बाद अफ़गानिस्तान की बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई और वे लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। कप्तान तिलक वर्मा ने समझदारी से गेंदबाज़ी में बदलाव किए जो बहुत कारगर साबित हुए और स्पिनर निशांत सिंधु ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। आख़िरकार अफ़गानिस्तान की टीम 218 रन पर ऑल आउट हो गई। निशांत सिंधू को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
इससे पहले टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारत ए के लिए प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। आठवें ओवर में फरीदून दावूदजई ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (38) रन बनाये। इसके बाद 15वें ओवर में फरमानउल्लाह ने अर्धशतक बना चुके प्रियांश आर्य को आउट कर पवेलियन भेज दिया। प्रियांश आर्य ने 42 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए (58) रनों की पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड़ (30) रन बनाकर आउट हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित