वाराणसी , सितंबर 19 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रबंध संस्थान स्थित अटल इन्क्यूबेशन सेंटर (एआईसी-बीएचयू) द्वारा आयोजित दो दिवसीय 'भारत इनोवेशन कॉन्क्लेव 2.0-2026' का शनिवार को स्वतंत्रता भवन में समापन हुआ। इस अवसर पर आठ क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टार्टअप्स को 'भारत इनोवेशन अवार्ड' प्रदान किए गए।

समापन समारोह से पूर्व भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई), काशी क्षेत्र के अध्यक्ष उमंग कुमार साह ने 'नवाचार आधारित विकास के लिए उद्योग-अकादमिक सहयोग' विषय पर मुख्य वक्तव्य दिया। उन्होंने युवाओं से बदलते बाजार परिदृश्य को अवसर के रूप में देखने तथा शोध एवं विचारों को व्यावहारिक समाधान में बदलने के लिए उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

उत्तर प्रदेश सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के परामर्शदाता रवि शंकर पांडेय ने स्टार्टअप विकास में सरकार-उद्योग समन्वय पर विचार रखे। कार्यक्रम में मेडिकल टेक्नोलॉजी, सोशल एंटरप्रेन्योरशिप, लीन टेक, एडटेक, एग्रीटेक, इलेक्ट्रॉनिक्स, टूरिज्म एंड कल्चर तथा इनोवेशन, टेक्नोलॉजी एंड साइबर सिक्योरिटी क्षेत्रों के विजेता स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित