नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- भारत और इंडोनेशिया के बीच 11वां संयुक्त विशेष बल अभ्यास 'गरुड़ शक्ति' मंगलवार को इंडोनेशिया के बन्युवांगी में शुरू हो गया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार 6 नवंबर तक चलने वाले इस अभ्यास में भारतीय सेना की पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) के सैनिक और इंडोनेशिया की ओर से वहां के विशेष बलों के जवान हिस्सा ले रहे हैं।
अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के विशेष बलों के बीच आपसी समझ, सहयोग और मिलकर अभियान चलाने की क्षमता बढ़ाना है। इसके तहत जंगल में विशेष अभियान चलाने की रणनीतियों और तरीकों का अभ्यास किया जाएगा। इसमें बाधाएं पार करना, सटीक निशानेबाजी, पर्वतारोहण, हवाई हमला प्रशिक्षण और कठिन परिस्थितियों में अभियान के लिए सैनिकों को तैयार करने वाले सत्र शामिल हैं। दोनों देशों के सैनिक हथियारों, उपकरणों और अभियान से जुड़ी कार्यप्रणालियों के बारे में भी अनुभव और जानकारी साझा करेंगे।
अभ्यास के अंत में वास्तविक अभियानों जैसी परिस्थितियों में संयुक्त प्रशिक्षण होगा। इसके जरिए दोनों देशों के सैनिकों की सहनशक्ति, आपसी तालमेल और युद्धक तैयारियों का आकलन किया जाएगा। इस अभ्यास से भारत और इंडोनेशिया के बीच रक्षा सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित