चंडीगढ़ , जुलाई 21 -- प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने किसानों से किसी भी प्रकार की घबराहट न दिखाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं स्पष्ट कर चुके हैं कि किसानों और पशुपालकों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार कई बार यह साफ कर चुकी है कि धान, गेहूं, दालें, दूध और अन्य कृषि उत्पादों को प्रस्तावित व्यापार समझौते के दायरे से पूरी तरह बाहर रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई समझौता अंतिम रूप नहीं लिया गया है और केवल चर्चा का दौर चल रहा है। ऐसे में किसानों को अफवाहों और भ्रामक प्रचार के झांसे में आने की जरूरत नहीं है।
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन दलों ने हमेशा किसानों के नाम पर राजनीति की है और झूठा प्रचार फैलाया है। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी हमेशा किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रही है और भविष्य में भी चट्टान की तरह उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने पंजाब के किसानों से अपील की कि वे गलत सूचना और झूठे प्रचार से सावधान रहें तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास बनाये रखें।
श्री ढिल्लों ने कहा कि यदि किसी किसान संगठन को किसी प्रकार की शंका या चिंता है तो वह सरकार के साथ चर्चा कर सकता है। भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार किसानों से हर मुद्दे पर संवाद के लिए तैयार है।
भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि श्री मोदी और भाजपा का एकमात्र उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध बनाना है, क्योंकि भारत का किसान समृद्ध होगा तभी पंजाब वास्तव में समृद्ध होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित