होशियारपुर , जुलाई 15 -- किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पिड्डी ग्रुप) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और पंजाब सरकार की भूमि पूलिंग नीति के विरोध में होशियारपुर जिले में मोटरसाइकिल रैली निकाली। रैली के बाद प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन दासूया के एसडीएम को सौंपा गया।

जिला अध्यक्ष परमजीत सिंह भुल्ला और जिला महासचिव कुलदीप सिंह बेगोवाल के नेतृत्व में निकाली गयी रैली की शुरुआत टांडा के निकट गुरुद्वारा पुल पुख्ता साहिब में अरदास के साथ हुई। इसके बाद रैली टांडा, दासूया और मियानी से होती हुई दासूया उपमंडल कार्यालय पहुंची।

प्रदर्शनकारियों ने देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए प्रस्तावित भारत-अमेरिका एफटीए को तुरंत वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि इस समझौते से किसानों, कृषि मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों और सूक्ष्म उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उनका आरोप था कि समझौते के लागू होने से सस्ते कृषि उत्पादों का आयात बढ़ेगा, जिससे भारतीय किसानों की आय और कृषि अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी।

सभा को संबोधित करते हुए श्री भुल्ला ने कहा कि किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर यह रैली निकाली गयी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित एफटीए छोटे और सीमांत किसानों को सस्ते आयातित कृषि उत्पादों से प्रतिस्पर्धा के लिए मजबूर करेगा,जिससे उनकी आजीविका पर संकट आएगा। उन्होंने पंजाब सरकार की भूमि पूलिंग नीति की भी आलोचना करते हुए कहा किइससे उपजाऊ कृषि भूमि का उपयोग आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं के लिए किया जाएगा, जिससे खेती योग्य भूमि कम होगी और किसानों के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नीति का सबसे अधिक लाभ बड़े बिल्डरों और रियल एस्टेट कंपनियों को मिलेगा।

रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा किसानों, कृषि मजदूरों और युवाओं से कृषि हितों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित