नयी दिल्ली , जून 17 -- देश की अग्रणी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने राहुल वत्स को कॉर्पोरेट मामलों का निदेशक और पूरे समूह का मुख्य नियामक अधिकारी नियुक्त किया है।
कंपनी ने बुधवार को बताया कि इस विस्तारित भूमिका में श्री वत्स कॉर्पोरेट मामलों की टीम का नेतृत्व करेंगे और उद्योग तथा सरकार के साथ सहभागिता को आगे बढ़ाएंगे। इसके साथ ही, वह कंपनी की सार्वजनिक नीति और नियामक रणनीति को स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेंगे। वह भारती एयरटेल की ओर से सरकार और नियामक संस्थाओं के साथ अग्रिम संपर्क अधिकारी के रूप में भी कार्य करेंगे।
श्री वत्स एयरटेल प्रबंधन मंडल के सदस्य के रूप में अपनी सेवायें जारी रखेंगे। इसके अतिरिक्त, उन्हें भारती एयरटेल फाउंडेशन के निदेशक मंडल में भी शामिल किया जायेगा, ताकि फाउंडेशन की गतिविधियां कंपनी के व्यापक उद्देश्यों के अनुरूप संचालित हों।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद और द वार्टन स्कूल के पूर्व छात्र श्री वत्स के पास दूरसंचार क्षेत्र में लगभग 30 साल का अनुभव है। वह अप्रैल 2020 में मुख्य नियामक अधिकारी के रूप में एयरटेल से जुड़े थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित