नयी दिल्ली , मार्च 23 -- भारतीय सेना ने श्रीलंका में क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोलंबो से लगभग 70 किलोमीटर उत्तर में चिलाव में 240 फीट लंबे एक पुल (बेली ब्रीज) का सफलतापूर्वक निर्माण और शुभारंभ किया है।
यह परियोजना ऑपरेशन सागर बंधु के तहत भारतीय सेना द्वारा निर्मित इस तरह का चौथा पुल है। नवनिर्मित पुल कोलंबो और पुट्टलम के बीच संपर्क को मजबूत करता है। इसके संचालन से तटीय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के लचीलेपन को मजबूत करते हुए लोगों और सामानों की आवाजाही में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है।
अपने मॉड्यूलर डिजाइन और तेजी से निर्मित हो जाने के लिए जाने वाले बेली ब्रिज दुनिया भर के सशस्त्र बलों द्वारा आपातकालीन और अस्थायी संपर्क के लिए उपयोग किए जाते रहे हैं। भारतीय सेना के पास मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) मिशनों के हिस्से के रूप में भारत के भीतर और मित्र विदेशी देशों में ऐसे पुलों को तैनात करने का व्यापक अनुभव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित