हैदराबाद , मार्च 31 -- भारतीय सेना ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि एक अप्रैल से बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी है, जिससे इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय मिल गया है।

रक्षा मंत्रालय के एक बयान में मंगलवार को कहा गया कि यह विस्तार इसलिए दिया गया है ताकि उन योग्य युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जा सके, जो शायद प्रारंभिक समय-सीमा के भीतर अपना पंजीकरण पूरा नहीं कर पाये थे।

उम्मीदवारों को सलाह दी गयी है कि वे इस बढ़ायी गयी समय-सीमा का लाभ उठायें और आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से संशोधित अंतिम तिथि से काफी पहले अपने आवेदन पूरे कर लें।

आवेदकों से यह भी आग्रह किया गया है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक पोर्टल पर अपनी पात्रता मानदंडों, जिसमें आयु, शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मानकों की जांच कर लें।

भारतीय सेना ने एक निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि चयन पूरी तरह से स्वचालित प्रणाली के माध्यम से और योग्यता के आधार पर किया जाता है।

उम्मीदवारों को दलालों या धोखेबाज एजेंटों के साथ किसी भी तरह का लेन-देन करने के प्रति भी आगाह किया गया है, जो चयन प्रक्रिया को प्रभावित करने का दावा करते हैं। इस बात पर जोर दिया गया है कि भर्ती प्रक्रियामें किसी भी मध्यस्थ की कोई भूमिका नहीं होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित