ईटानगर , अगस्त 1 -- अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना की स्पीयरहेड डिविजन ने नागरिक संपर्क कार्यक्रम के तहत छात्रों की शिक्षा का समर्थन करने और उन्हें रात में रौशनी पहुंचाने के लिए तुटिंग भर के विद्यार्थियों को 90 सौलर लैंप बांटे।

प्रदेश के ऊपरी सियांग जिले के दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्र में भारतीय सेना की स्पीयरहेड डिविजन ने अपने नागरिक संपर्क कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को 90 सोलर लैंप बांटे। ये लैंप सियांग वैली रेजिडेंशियल इंग्लिश मीडियम स्कूल, किंडरगार्टन प्राइमरी स्कूल, एनएससीबी स्कूल, केजीबीवी, केंद्रीय विद्यालय तुटिंग, राजकीय प्राथमिक विद्यालय पेकांग, राजकीय टाउन माध्यमिक विद्यालय तुटिंग, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुटिंग, राजकीय प्राथमिक विद्यालय निंगगुइंग, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुगिंग और राजकीय प्राथमिक विद्यालय नोरबुलिंग के विद्यार्थियों को बांटे गये।

इसका उद्देश्य क्षेत्र में अनियमित और अपर्याप्त बिजली आपूर्ति की चुनौती का समाधान करना है। अक्सर सूर्यास्त के बाद बिजली उपलब्ध न होने पर इन क्षेत्रों में विद्यार्थियों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

स्कूल अधिकारियों और छात्रों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया और सौर लैंपों को एक समय पर किया गया प्रयास बताया जो बुनियादी ढांचे की चुनौतियों के बावजूद छात्रों को उनकी दैनिक पढ़ाई में काफी लाभ पहुंचायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित