नयी दिल्ली , जून 18 -- भारतीय सेना की एक टुकड़ी मंगोलिया के उलानबटोर में बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास 'खान क्वेस्ट' में भाग लेने के लिए गुरुवार को रवाना हो गयी।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 20 जून से 3 जुलाई तक चलने वाला यह अभ्यास 'फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया' में होगा। इसमें दुनिया भर की सैन्य ताकतें संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत शांति समर्थन अभियानों में सहयोग और अंतर-संचालनीयता बढ़ाने के लिए एकजुट होंगी। अभ्यास का पिछला संस्करण पिछले वर्ष 14 से 28 जून तक मंगोलिया में हुआ था।
अभ्यास की शुरुआत सबसे पहले 2003 में अमेरिका और मंगोलियाई रक्षा बलों के बीच एक द्विपक्षीय आयोजन के रूप में हुई थी। इसके बाद, 2006 से यह अभ्यास एक बहुपक्षीय शांतिरक्षा अभ्यास में परिवर्तित हो गया और यह इसका 23वां संस्करण है। भारतीय दल की भागीदारी वैश्विक शांति और मंगोलिया के साथ रणनीतिक साझेदारी के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भारतीय सेना के 40 जवानों वाले दल में जाट रेजिमेंट की एक बटालियन के सैनिकों के साथ-साथ अन्य सशस्त्र बलों और सेवाओं के जवान भी शामिल हैं।
खान क्वेस्ट अभ्यास का उद्देश्य भाग लेने वाले रक्षा बलों के दल को बहुपक्षीय स्थितियों में शांतिरक्षा अभियानों के लिए तैयार करना है। इस अभ्यास में संयुक्त योजना और सामरिक अभ्यासों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा जिसमें स्थिर और गतिशील चेक प्वाइंटों की स्थापना, घेराबंदी और तलाशी अभियान, गश्त, शत्रु क्षेत्रों से नागरिकों की निकासी, तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों का मुकाबला करने का अभ्यास, प्राथमिक चिकित्सा और घायलों को निकालना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित