रांची , अप्रैल 01 -- झारखंड के भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) रांची की ओर से बीएसएनएल ग्राउंड एवं खेलगांव परिसर में आयोजित टेक्नो-कल्चरल रोबोटिक्स फेस्ट 'यंत्र 26' का सफल समापन हुआ।

इस आयोजन में देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा देना था। फेस्ट के दौरान डेजर्ट डैश, रोबोसॉकर, विंगफ्यूरी और पाथफाइंडर जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिन्होंने प्रतिभागियों और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया, जिससे तकनीक और मनोरंजन का बेहतरीन संगम देखने को मिला।

संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन टीम और प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवा इंजीनियरों में रचनात्मकता, व्यावहारिक सीख और समस्या-समाधान क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 'यंत्र' जैसे आयोजन विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता को आगे बढ़ाने में सहायक हैं।

इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजन अध्यक्ष डॉ. रोशन सिंह, संयोजक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह, डॉ. अभिनव कुमार तथा डॉ. धीरन कुमार महतो का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

प्रतियोगिता में देश के कई प्रमुख संस्थानों की भागीदारी रही, जिनमें बीआईटी मेसरा, उषा मार्टिन विश्वविद्यालय, सरला बिरला विश्वविद्यालय, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड सहित अन्य संस्थान शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित