जौनपुर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सखी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से नगर के मंगलम लॉन में शनिवार को हरितालिका तीज उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजस्थानी परिधानों में सजी महिलाओं ने गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति के रंग बिखेरे। इस दौरान विघ्नहर्ता भगवान गणेश, देवाधिदेव भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक मुंगराबादशाहपुर सुषमा पटेल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, स्थायी लोक अदालत जौनपुर की सदस्य रजनी सिंह एवं सखी वेलफेयर फाउंडेशन की सदस्यों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि सुषमा पटेल ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज की नारी सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोते हुए राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने सखी वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर सुषमा पटेल एवं मनोरमा मौर्य ने सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला की प्रशिक्षिका मोनिका गुप्ता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं एवं बच्चियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। हरितालिका तीज के अवसर पर भगवान गणेश और भगवान शिव को समर्पित समूह एवं एकल नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित