हैदराबाद , मार्च 10 -- भारतीय महिला हॉकी टीम बुधवार को वेल्स के खिलाफ मुकाबले में सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। यह मैच हॉकी महिला विश्व कप 2026 क्वालिफायर के पूल-बी का अंतिम मुकाबला होगा।

मेजबान भारत दो मैचों के बाद चार अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है और उसका गोल अंतर भी बेहतर है। भारत अगर इस मुकाबले में जीतता है या ड्रॉ खेलता है तो सेमीफाइनल में उसकी जगह पक्की हो जायेगी।

पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। यदि भारत हार जाता है तो उसके चार अंक ही रहेंगे और उसका भविष्य स्कॉटलैंड तथा उरुग्वे के बीच होने वाले मुकाबले के परिणाम और गोल अंतर पर निर्भर करेगा।

भारतीय टीम ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने आठ मार्च को उरुग्वे को 4-0 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी और इसके बाद स्कॉटलैंड के खिलाफ कड़े मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेला।

युवा फारवर्ड सुनेलीता टोप्पो दोनों मैचों में गोल कर शानदार फॉर्म में हैं। इसके अलावा आक्रमण पंक्ति में लालरेमसियामी, नवनीत कौर और रुतुजा ददासो पिसाल ने भी गोल करने और मौके बनाने में अहम भूमिका निभायी है।

रक्षा पंक्ति में गोलकीपर बिच्छु देवी ने लगातार अहम बचाव कर टीम को मजबूती दी है। हैदराबाद में घरेलू दर्शकों के समर्थन ने भी टीम को अतिरिक्त ऊर्जा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित